रीवा। कोलकाता में महिला डाॅक्टर के साथ रेप और जघन्य हत्या के बाद पूरे देश में आक्रोश है। बेटियों की सुरक्षा की मांग उठाई जा रही है। इसी बीच रीवा जिले में दो घटनाओं ने बेटियों की सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। एक घटना मेडिकल काॅलेज के गांधी स्मारक अस्पताल की है। अपनी बहन की देखरेख के लिए अस्पताल आई युवती के साथ दो बदमाशों ने छेडख़ानी की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। इससे पूरा परिवार दहशत में है।

दूसरी घटना रायपुर सोनौरी के सीएम राइज स्कूल की है। वहां पर दो दिन पहले स्कूल परिसर में घुसकर बदमाशों ने छात्राओं के टिफिन छुड़ा लिए और पूरी कक्षा में उत्पात मचाते हुए अश्लीलता भी की। घटना के बाद अभिभावकों में आक्रोश है। आरोपियों को पुलिस नहीं पकड़ पाई है।
————————–

अस्पताल में अश्लीलता; दो युवकों ने पहले युवती का नंबर मांगा, फिर छेड़खानी की

गांधी स्मारक अस्पताल में बीती रात मैहर जिले से अपनी बहन के साथ अस्पताल आई युवती के साथ दो युवकों ने कई बार अभद्रता की। पहले उसका मोबाइल नंबर मांगते रहे, जब उसने नजरंदाज किया तो छेडख़ानी करने लगे। इसकी जानकारी जब युवती ने अपनी बहन एवं अन्य को दी तो आरोपियों ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। कहा कि जान से मार देंगे। पीडि़ता ने बताया कि जब इसकी जानकारी वहां पर मौजूद अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों को दी तो उन्होंने किसी तरह की कार्रवाई करने के बजाए आरोपियों को वहां से भगाने का प्रयास कर मामले को शांत कराया। आरोपी जब भाग गए तब अन्य लोगों ने इसकी सूचना अस्पताल प्रबंधन के अधिकारियों को दी। मीडियाकर्मियों को भी बुलाया गया। सूचना पर पुलिस के अधिकारी पहुंचे और जांच शुरू कर दी है। पूछताछ में पता चला है कि बदमाश भी किसी मरीज के साथ अस्पताल में थे। लड़की जब वाॅशरूम जा रही थी, उसी दौरान वह उसके साथ छेडख़ानी कर रहे थे। पुलिस ने बांसा (गोविंदगढ़) के निवासी दिवाकर यादव और मनिकवार के नीलेश यादव के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया है। देर शाम आरोपियों को गिरफ्तार भी किए जाने की जानकारी सामने आई है।
—————————-
सीएम राइज स्कूल में छात्राओं से छेड़खानी; घटना को दो दिन पुलिस ने छिपाए रखा
रायपुर सोनौरी के सीएम राइज स्कूल में २० अगस्त की दोपहर स्कूल की बाउंड्रीवाल फांदकर दो युवक पहुंचे। स्कूल में वह दहशत फैलाते रहे और लंच कर रही छात्राओं के टिफिन छुड़ाकर फेंक दिए। साथ ही कई छात्राओं के साथ अश्लीलता भी की। घटना की जानकारी स्कूल प्राचार्य ने सोनौरी चौकी प्रभारी को लिखित तौर पर उसी दिन दे दिया। चौकी प्रभारी की ओर से इस घटना की जानकारी थाने तक को नहीं दी गई। दो दिन तक पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं किए जाने की वजह से छात्राओं के अभिभावकों ने आवाज उठाई और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में मामला आया तो तत्काल एफआइआर दर्ज कराई गई। आरोपियों की तलाश भी शुरू की गई। स्कूल प्राचार्य ने अपने आवेदन में बताया था कि उपद्रव और अभद्रता करने वालों में शिवम सिंह रायपुर बस्ती और शिवम सिंह सोनवर्षा के हैं। पुलिस ने इनके विरुद्ध अब मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

—————————-
कोलकाता की घटना के बाद भी उदासीनता

कोलकाता में महिला डॉक्टर की रेप और हत्या के बाद रीवा में भी डाॅक्टर्स हड़ताल पर थे। लगातार प्रदर्शन कर रहे थे। इसके बावजूद अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई व्यवस्था नहीं की गई है। अराजकतत्व अस्पताल में घूमते रहे हैं। इसमें कई तो निजी सुरक्षा कंपनी के कर्मचारियों के साथ भी घूमते नजर आते हैं। यही कारण है कि आए दिन मोबाइल भी चोरी हो रहे हैं। अस्पताल के वाॅशरूम में गई युवती के साथ छेडख़ानी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। लापरवाही पर बड़ी वारदात भी हो सकती है। अब अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि सुरक्षाकर्मियों को सतर्क किया गया है। अब किसी तरह से अराजक तत्व अस्पताल के भीतर नहीं पहुंच पाएंगे। हालांकि इसके पहले भी ऐसी घटनाएं होती रही हैं, लेकिन अस्पताल प्रबंधन उदासीन रहा है।

—————————-

सुरक्षा की नई व्यवस्था बना रहेमरीज के अटेंडर के साथ छेडख़ानी की जानकारी सामने आई है। सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जिला प्रशासन को भी अवगत कराएंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। कोलकाता की घटना के बाद से हम सब संवेदनशील हैं।

राहुल मिश्रा, अधीक्षक जीएमएच रीवा

Share.
Leave A Reply