हरदा (मध्य प्रदेश) :
हरदा में करणी सेना का प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया। पुलिस पर घूस लेकर आरोपी को बचाने का आरोप लगाते हुए करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने कोतवाली थाने के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने हालात बिगड़ते देख लाठीचार्ज और आंसू गैस का सहारा लिया। अब तक 36 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।
करणी सेना के जिलाध्यक्ष सुनील सिंह राजपूत के नेतृत्व में कार्यकर्ता पुलिस पर कार्रवाई के विरोध में सिटी कोतवाली पहुंचे। पुलिस पर आरोप था कि उसने ठगी के मामले में पैसे लेकर आरोपी को बचाया है। जबरदस्त बहस के बाद पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया और चार लोगों को गिरफ्तार किया।
|
⚠️ हालात बेकाबू, चक्काजाम और लाठीचार्ज
पुलिस कार्रवाई के विरोध में रविवार को भी करणी सेना के पदाधिकारी बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए। बायपास रोड पर रातभर चक्काजाम चला और प्रदर्शनकारियों ने पुलिस चेतावनी को नजरअंदाज कर उग्रता दिखाई। नतीजतन, पुलिस को दोबारा लाठीचार्ज और आंसू गैस छोड़नी पड़ी।
कलेक्टर का बयान: हालात अब काबू में
हरदा कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने बताया कि, “प्रदर्शनकारियों को कई बार समझाइश दी गई, लेकिन वे नहीं माने। हालात बिगड़ने पर न्यूनतम बल प्रयोग किया गया। अब स्थिति नियंत्रण में है।”
– क्या है असली मामला? जानिए ठगी की पूरी कहानी
हरदा के आशीष राजपूत ने एक पंडित के कहने पर हीरा खरीदने की कोशिश की। एक युवक ने उन्हें 18 लाख रुपए का हीरा बेचने का झांसा दिया और इंदौर से मुंबई तक ले जाकर नकली हीरा थमा दिया। मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान पेश किया, लेकिन करणी सेना का आरोप है कि पुलिस ने आरोपी को बचाने के लिए ₹2.5 लाख की रिश्वत ली।
बाहरी जिलों से पुलिस फोर्स बुलाया गया
स्थिति को काबू करने के लिए पुलिस ने नर्मदापुरम, भोपाल, रायसेन और बैतूल से अतिरिक्त बल तैनात किया। कई वाहनों को जब्त किया गया और राजपूत छात्रावास में छिपे प्रदर्शनकारियों को भी गिरफ्तार किया गया।
—
भोपाल रोड पर चक्का जाम कर प्रदर्शन
हरदा में करणी सेना के नेताओं की गिरफ्तारी के बाद देवास में भी प्रदर्शन किया गया। यहां नेशनल हाइवे के भोपाल रोड पर जाम लगा दिया गया। भारी संख्या में वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने समझाइश दी। घंटों प्रदर्शन के बाद मामला शांत कराया गया। निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया गया है।