भोपाल। देश के जाने माने उद्योगपति आनंद महेन्द्रा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है, जिसकी खूब चर्चा हो रही है। उन्होंने मध्यप्रदेश के गुना जिले के व्यावरा के पास के एक युवक की सराहना की है।
ब्यावरा के 20 वर्षीय बिट्टू सिंह ने स्थानीय अजनार नदी की सफाई कर सोशल मीडिया पर वीडियो साझा किया, जो अब इंटरनेट पर प्रेरणा का स्रोत बन गया है। नदी पहले जीवनदायिनी से बदलकर गंदे नाले जैसी स्थिति में पहुँच चुकी थी, लेकिन बिट्टू ने अकेले सफाई कर इसे बेहतर बनाने की पहल की।
इस प्रयास को नोटिस करते हुए उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने बिट्टू के वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया और लिखा, “ब्यावरा का बिट्टू मेरा मंडे मोटिवेशन है।” उन्होंने कहा कि लोग आलोचना करें या व्यूज़ के लिए कहें, लेकिन नदी की सफाई हो गई है और यही सबसे महत्वपूर्ण है।
बिट्टू सिंह ने अपनी मुहिम के तहत स्थानीय नदी और घाट की सफाई में लोगों को भी शामिल किया। वीडियो में दिखाया गया है कि नदी पहले कितनी गंदी थी और अब उसकी स्थिति में कितना सुधार आया है। सोशल मीडिया पर उनके प्रयास को हजारों लोगों ने देखा और सराहा।
हालांकि, कुछ लोगों ने बिट्टू के प्रयास को व्यूज़ और लाइक्स पाने के उद्देश्य से किया गया बताया, लेकिन इस पहल ने स्थानीय जनता में जागरूकता बढ़ाई और नदी की सफाई को प्राथमिकता दिलाई। बिट्टू की यह कहानी न केवल स्थानीय लोगों के लिए प्रेरणादायक है, बल्कि पूरे देश में यह संदेश देती है कि व्यक्तिगत पहल से बड़ा बदलाव संभव है।
—





