रीवा। भारत-पाकिस्तान युद्ध को लेकर नेताओं की ओर से दिए जाने वाले बयानों पर लगातार विवाद उत्पन्न हो रहा है। मध्यप्रदेश में मंत्री विजय शाह फिर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के बाद अब रीवा जिले के मनगवां विधायक नरेन्द्र प्रजापति के बयान से विवाद बढ़ गया है।
रीवा शहर में आयोजित तिरंगा रैली कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनगवां विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंजी. नरेन्द्र प्रजापति ने भारत-पाक युद्ध के दौरान हुए सीज फॉयर को लेकर कहा कि यूनाइटेड स्टेट से यदि सीज फॉयर का आदेश नहीं आता तो पाकिस्तान को समाप्त कर दिया जाता। मोदी जी ने पहले से तय कर रखा था कि पाकिस्तान को नेस्तानाबूद कर देना है। उनका यह बयान सोशल मीडिया में बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। एक ओर सरकार कह रही है कि सीज फायर में किसी तीसरे का हस्तक्षेप नहीं है। वहीं भाजपा के ही विधायक खुले तौर पर कह रहे हैं कि बाहर से दबाव आया था। विधायक नरेन्द्र प्रजापति ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान को हमेशा धूल चटाने का काम किया है।
———-
विवाद बढऩे के बाद दी सफाई
भाजपा विधायक नरेन्द्र प्रजापति ने विवाद बढऩे के बाद सफाई भी दी है। उनका कहना है कि तिरंगा यात्रा के दौरान भावावेष में वह बोल गए हैं, ऐसा नहीं बोलना चाहिए था। विधायक ने खेद जताते हुए कहा है कि वह अपने शब्द वापस ले रहे हैं।