रीवा. बाइक से बेटे की शादी का कार्ड बांटने निकले पिता, भाई और भांजी को तेज रफ्तार ऑडी कार ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों बाइक से उछलकर दूर जा गिरे और मौके पर ही मौत हो गई। रीवा-रायपुर कर्चुलियान मार्ग पर हुए इस हृदयविदारक हादसे से शादी की खुशियों से भरा घर एक पल में ही मातम में डूब गया।
सेमरिया थाना क्षेत्र के चचाई निवासी भागवत विश्वकर्मा (55) के बड़े बेटे शुभम विश्वकर्मा की शादी 24 फरवरी को और प्रीतिभोज 27 फरवरी को होना था। पूरा परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था।
भागवत ने अपने छोटे बेटे शिवम विश्वकर्मा के साथ सुबह रिश्तेदारों के घर कार्ड बांटे। इसके बाद भांजी शीतल विश्वकर्मा (32) पति दिलीप विश्वकर्मा निवासी घूमा गढ़ के घर पहुंचे और निमंत्रण दिया। साथ ही भांजी को वैवाहिक कार्यक्रम के लिए बुलाकर घर ले जा रहे थे। शीतल भी बाइक में सवार हो गई और तीनों एक ही बाइक से घर रवाना हुए। जब बाइक सवार कोष्ठा के पास सडक़ पार कर रहे थे, तभी मनगवां की ओर से आ रही तेज रफ्तार ऑडी कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों लोग उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। रायपुर कर्चुलियान पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। रोते बिखलते पहुंचे परिजन, शादी की खुशियां मातम में बदली
—————
नोएडा का था कार मालिक, आया था रीवा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ऑडी नोएडा के किसी व्यक्ति की थी। मालिक इटौरा किसी कार्यक्रम में शामिल होने रीवा आए थे। रामनई से लौटते समय हादसा हुआ। कार में तीन लोग कार सवार थे, जो बैलून खुलने से बच गए। हादसे के बाद भीड़ जुटने पर तीनों कार छोडकऱ भाग निकले। पुलिस ने वाहन कब्जे में ले लिया है।
———-
कनफ्यूजन में दोनों ने एक साथ बढ़ा दी गति
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सडक़ पार करने के दौरान बाइक और कार चालकों के बीच कनफ्यूजन की स्थिति बनी। बाइक रुकने और कार के रुकने-चलने के भ्रम में दोनों वाहनों ने एक साथ गति बढ़ा दी, जिससे यह हादसा हो गया। डीएसपी हेडक्वार्टर उदित मिश्रा ने बताया कि वाहन सीज कर जांच की जा रही है।





