रीवा. जिले में गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। ओडिशा से आई गांजा की बड़ी खेप पकड़ी है। दो ट्रकों को भी जब्त किया गया है, जिनका इस्तेमाल गांजा परिवहन में किया जा रहा था। आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस कारोबार में शामिल आरोपियों के बारे में जानकारियां जुटा रही है।
आइजी गौरव राजपूत को ओडिशा से गांजा की खेप आने की सूचना मिली थी। इस पर उन्होंने एसपी विवेक सिंह को तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी ने तत्काल अलग-अलग टीमें गठित कर दीं। गांजा से लोड ट्रक अजगरहा बायपास में खड़ा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पास में ही पुलिस को एक अन्य ट्रक मिला। उसमें गांजा अनलोड होकर आगे जाने वाला था। पुलिस ने ट्रक में सवार दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
ट्रक की तलाशी ली गई तो वह पूरी तरह से खाली था। बाद में बारीकी से चेक करने पर केबिन में ड्राइवर सीट के पीछे एक चेम्बर मिला, जिसमें गांजा से भरी बोरियां रखी थीं। आरोपियों ने गांजा परिवहन के लिए ट्रक को मॉडिफाइ करवाया था। पुलिस ने ट्रक से 4.48 क्विंटल गांजा बरामद किया है जिसकी अनुमानित कीमत 31 लाख रुपए बताई जा रही है।
मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान वीरेन्द्र पटेल निवासी अमरपाटन जिला मैहर और रोहित सिंह निवासी बलिया यूपी के रूप में हुई है। आरोपियों को पूछताछ के लिए पुलिस थाने ले आई। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। कारोबार में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में जानकारियां जुटाई जा रही हैं।-
–
दो मुख्य आरोपी फरार
गांजा तस्करी के दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। इनमें उमेश और शिवबालक हैं। उमेश ने गांजा के लिए पैसा भुगतान किया था और शिवबालक ने ओडिशा में मध्यस्थता करके सौदा तय कराया था। बाद में दोनों आरोपी इसे रीवा और आसपास के इलाकों में सप्लाई करने वाले थे। फरार आरोपी उमेश का भाई यूपी जेल में बंद है। उसके पकड़े जाने के बाद कारोबार में शामिल अन्य लोगों के नाम सामने आ जाएंगे।
—-
मोडीफाइ करवाया था ट्रक
तस्करों ने गांजा सप्लाई के लिए ट्रक को मोडीफाइ करवाया था। कहां पर उन्होंने ट्रक बनवाया था इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। आरोपियों ने पुलिस को चकमा देने के लिए लंबा रूट पकड़ा था। ओडिशा से छत्तीसगढ़ और मंडला होते हुए रीवा आए थे। अजगरहा बायपास में माल को एक ट्रक से दूसरे ट्रक में अनलोड करवाने वाले थे, जो गांजा ठिकाने तक लेकर जाता लेकिन उससे पहले ही पुलिस के हाथ लग गया।
—-
ओडिशा से गांजा की खेप ट्रक में लोड होकर आई थी। टीम गठित कर जांच कराई गई। अजगरहा बायपास में गांजा पकड़ा गया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। कारोबार में शामिल मुख्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है। उनके पकड़े जाने के बाद पूरा नेटवर्क सामने आ जाएगा।
-गौरव राजपूत, आईजी रीवा जोन