रीवा। रॉयल राजपूत संगठन का 11वां स्थापना दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई और समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ शतायु बुजुर्गों का सम्मान किया गया।
शोभायात्रा का शुभारंभ विवेकानंद पार्क कॉलेज चौराहा से हुआ, जो शिल्पी प्लाज़ा, स्वागत भवन, अमहिया रोड, सिरमौर चौराहा होते हुए मानस भवन पहुंची। भगवान श्रीराम के दरबार की झांकी, ढोल-नगाड़े, धमाल और घुड़सवार इस यात्रा का विशेष आकर्षण रहे। रास्ते भर लोगों ने जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया। जैन समाज द्वारा यात्रा की आरती उतर कर अमहिया मार्ग पर स्वागत किया गया, वहीं हेमू कालाणी चौक पर श्रीकृष्ण गुप्ता और उनके साथियों ने भव्य स्वागत किया। मानस भवन पहुंचने पर शस्त्र पूजन किया गया। इसके बाद सम्मान समारोह में समाज के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री पुष्पराज सिंह मौजूद रहे, जबकि अध्यक्षता राजेंद्र सिंह अमरपाटन ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक दिव्यराज सिंह और सुखेंद्र सिंह बन्ना मंचासीन रहे।
रॉयल राजपूत संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव सिंह बघेल ने बताया कि संगठन की स्थापना 3 अक्टूबर 2014 को विजयादशमी के पावन पर्व पर की गई थी, जो समाज में एकता, परंपरा और गौरव के प्रतीक के रूप में निरंतर कार्य कर रहा है।

Share.
Leave A Reply