Wednesday, December 24

रीवा। मऊगंज थाना परिसर में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे भीषण अग्निकांड हो गया। थाने की बाउंड्री के पास स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक शॉर्ट-सर्किट हो गया, जिससे आग भड़क गई। आग इतनी तेजी से फैली कि थाने के भीतर खड़े जब्त वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। सभी वाहन एक साथ खड़े होने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते 30 से अधिक वाहन धू-धू कर जलने लगे।
घटना के समय थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं कर पा रहा था। आग को काबू में लाने के लिए मऊगंज, हनुमना और मनगवां से दमकल वाहन बुलवाए गए। दमकलकर्मियों को आग बुझाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। जलते टायरों के धमाके बम फटने जैसे लग रहे थे, जिससे भय का माहौल बन गया।
—————-
4 घंटे की मशक्कत पर पाया काबू
करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक अधिकांश वाहन पूरी तरह जल चुके थे। बताया जा रहा कि नगर में सुबह 9 बजे से बिजली गुल थी। 11 बजे जैसे ही बिजली आई, ट्रांसफार्मर में विस्फोट हुआ और आग लग गई। पुलिस प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
————————————
पानी के लिए भटकते रहे दमकल वाहन
जिस समय यह घटना हुई, उस समय लाइट बंद कर दी गई थी। इससे दमकल वाहनों को पानी के लिए भटकना पड़ा। उनको पानी नहीं मिल पा रहा था, जिस पर दमकल वाहन गाड़ा से पानी लेकर आए थे और फिर आग को बुझाया। बाद में कुछ वार्डों में लाइट चालू हो गई थी, जिससे पानी मिल गया और आग पर काबू पा लिया गया।
————————————
फायर बिग्रेड भी जलकर खाक
हादसे में थाना परिसर में खड़े वाहनों को काफी नुकसान हुआ है। एक पुराना फायर बिग्रेड वाहन भी खड़ा था, जो आग की चपेट में आकर तबाह हो गया। इसके अतिरिक्त 12 चार पहिया वाहन, 15 बाइक व स्कूटी व 7 के लगभग साइकिलें आग से जलकर खाक हो गई हैं। ये वाहन किन-किन मामलों में जब्त थे, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। कुछ वाहनों के संबंध में जानकारी मिली है, जो हत्या और एक्सीडेंट के मामलों में जब्त थे।
————————————
एसपी मौके पर पहुंचे, घटना की ली जानकारी
घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी दिलीप सोनी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। आगजनी में बर्बाद वाहनों का भी निरीक्षण किया। भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जले हुए वाहन किन-किन मामलों में जब्त थे? इसका भी पता लगाने के आदेश मऊगंज पुलिस को दिए हैं।
————————————
थाना परिसर में खड़े जब्ती के वाहनों में विद्युत शार्ट-सर्किट से आग लग गई थी। इसकी वजह से कई चार पहिया सहित अन्य वाहन जल गए हैं। दमकल की मदद से आग पर काबू पा लिया गया था। पूरे घटनाक्रम की जांच के आदेश जारी किए गए हैं।
दिलीप सोनी, एसपी मऊगंज

Share.
Leave A Reply