Rajendra Shukla Dy CM Madhya Pradesh
रीवा। इनदिनों सरकारी विभागों के चल रहे ट्रांसफर के बीच उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला का एक पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसको लेकर चुटकियां ली जा रही हैं तो कई गंभीर सवाल भी उठा रहा है। वहीं कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि यह ट्रांसफर उद्योग का हिस्सा है।
वायरल पत्र में उप मुख्यमंत्री ने प्रभारी मंत्री को पत्र लिखा है। जिसमें 18 पटवारियों के किए गए तबादले में 16 को यथावत रखने की मांग की है। इस पत्र में यह भी कहा है कि इन पटवारियों की कार्यशैली उत्कृष्ट है और इनके विरुद्ध किसी तरह की शिकायत नहीं है। इस कारण ट्रांसफर यथावत रखा जाए। इस सूची में शामिल केवल दो पटवारियों के बारे में उप मुख्यमंत्री ने कुछ नहीं कहा है। इसमें सौरभभाई पटेल और सुजीत खटिक शामिल हैं। अन्य जिन पटवारियों के बारे में कहा है कि इनकी कोई शिकायतें नहीं हैं, उनकी शिकायतें अब सोशल मीडिया पर वायरल कर बताया जा रहा है कि इन पटवारियों पर किस तरह के भ्रष्टाचार के आरोप हैं।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विनोद शर्मा ने कहा है कि ट्रांसफर भाजपा के राज में उद्योग बन गया है। इसमें कर्मचारियों से कमीशन लिए जा रहे हैं। एक पक्ष पहले ट्रांसफर कराता है तो दूसरा पक्ष उसे बदलवाने का प्रयास करता है।
—
कलेक्टर के साथ लोकायुक्त तक शिकायतें
जिन पटवारियों को ईमानदार और कर्ताव्यनिष्ठ उप मुख्यमंत्री ने बताया है, उन पर पहले से कई गंभीर आरोप लगते रहे हैं। कई पटवारियों के विरुद्ध कलेक्टर के पास शिकायतें लंबित हैं तो कइयों के भ्रष्टाचार की जांच लोकायुक्त और ईओडब्ल्यू द्वारा की जा रही है। ऐसे में ट्रांसफर रोकने की सिफारिश कर उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला फंसते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग उन पर भी गंभीर आरोप लगा रहे हैं।