रीवा। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की शहर में प्रतिमा लगाए जाने को लेकर उठ रही मांगों के बीच वार्ड 44 के पार्षद अर्चना मिश्रा की ओर से ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें मांग उठाई गई है कि चिरहुला कॉलोनी से गुढ़ मार्ग को जोडऩे वाली सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, इसका नामकरण कुंवर अर्जुन सिंह के नाम पर किया जाए। साथ ही इसी क्षेत्र में किसी व्यवस्थित स्थान पर उनकी प्रतिमा भी लगाई जाए।
समाजसेवी अमृतलाल मिश्रा ने बताया कि नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन देकर कहा गया है कि नगर निगम प्रशासन स्थान का निर्धारण करे तो जनभागीदारी से लोग प्रतिमा लगाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि कुंवर अर्जुन सिंह ने विंध्य क्षेत्र की राजनीति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दी। केंद्रीय मंत्री, राज्यपाल जैसे बड़े पदों पर भी रहे, रीवा में उनके चाहने वाले बड़ी संख्या में हैं।





