भोपाल। जिले के कट्ठीवाड़ा क्षेत्र में गुजरात पुलिस की टीम पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में गुजरात पुलिस के एक उपनिरीक्षक सहित चार पुलिसकर्मी किसी तरह अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहे।
जानकारी के अनुसार गुजरात के आणंद जिले के बोरसद थाने की पुलिस एक फरार वारंटी की तलाश में आलीराजपुर जिले के कट्ठीवाड़ा थाना क्षेत्र के काछला गांव पहुंची थी। काछला गांव का रहने वाला भीखा राठवा अवैध शराब से जुड़े मामले में कई दिनों से फरार चल रहा था। इसी आरोपी की तलाश में गुजरात पुलिस की टीम यहां आई थी।
बताया जा रहा है कि आरोपी की तलाश के बाद जब गुजरात पुलिस की टीम कट्ठीवाड़ा थाने में आमद देने पहुंची, तभी कुछ लोग उनका पीछा करते हुए थाना परिसर तक पहुंच गए और पुलिस अधिकारियों से गाली-गलौज कर विवाद करने लगे। स्थिति को देखते हुए कट्ठीवाड़ा पुलिस ने बीच-बचाव किया और गुजरात पुलिस को सुरक्षित थाने की सीमा तक छोड़ने के लिए एक अन्य वाहन के साथ रवाना किया। लेकिन थाना परिसर से करीब 500 मीटर दूर ही करीब 20 से 25 हथियारबंद बदमाशों ने गुजरात पुलिस के निजी वाहन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने वाहन पर ताबड़तोड़ वार कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और धारदार हथियार से वाहन के टायर भी पंचर कर दिए।
इस दौरान वाहन चालक के पास बैठे गुजरात पुलिस के उपनिरीक्षक पर भी धारदार हथियार से हमला करने की कोशिश की गई, हालांकि उन्होंने सतर्कता दिखाते हुए खुद को बचा लिया। हमले के दौरान गुजरात पुलिस ने आत्मरक्षा में तीन राउंड हवाई फायर भी किए। घटना की सूचना मिलते ही चंद्रशेखर आजाद नगर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची, जिसके बाद हमलावर पुलिस को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देर शाम गुजरात पुलिस के अधिकारियों को चंद्रशेखर आजाद नगर पुलिस की सुरक्षा में रखा गया। वहीं गुजरात पुलिस की शिकायत पर कट्ठीवाड़ा थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल ने बताया कि गुजरात पुलिस के अधिकारी सिविल ड्रेस में आरोपी की तलाश में गए थे। हमला करने वाले आरोपी कट्ठीवाड़ा के नानी बड़ोई गांव के बताए जा रहे हैं। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य जुटा रही है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।
गौरतलब है कि जिले में यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कुछ दिनों पूर्व गोवा पुलिस की टीम पर बोरी थाना क्षेत्र में इसी तरह का हमला किया गया था। दिनदहाड़े थाने से महज कुछ दूरी पर हुई इस घटना ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।





