Monday, September 15

रीवा। कांग्रेस के नए अध्यक्षों की घोषणा कर दी गई है। जिसमें ग्रामीण कमेटी में राजेन्द्र शर्मा पर ही पार्टी ने भरोसा जताते हुए जिले की कमान फिर सौंपी है। वहीं शहर अध्यक्ष में फेरबदल करते हुए युवा चेहरा सामने किया गया है। वार्ड 15 के पूर्व पार्षद अशोक पटेल को शहर अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। जिला अध्यक्षों की सूची जारी होते ही पार्टी कार्यकर्ताओं ने दोनों नए अध्यक्षों को शुभकामनाएं दीं।

कांग्रेस पार्टी ने लंबी रायशुमारी की प्रक्रिया पूरी करने के बाद नए अध्यक्षों की घोषणा की है। इसके लिए कई अलग-अलग पर्यवेक्षकों को रीवा भेजा गया। वहीं बूथ स्तर से लेकर जिले के वर्तमान पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं से अलग-अलग रायशुमारी की गई। कई चरणों में प्रक्रिया पूरी करने के बाद घोषणा की गई।

राजेन्द्र शर्मा को दोबारा मौका दिए जाने के पीछे यह माना जा रहा है कि पार्टी के भीतर गुटबाजी को दूर करने का उन्होंने प्रयास किया है, इसका असर भी दिखा है। साथ ही बूथ स्तर पर पार्टी का संगठन बनाने में भी वह सफल रहे हैं। अन्य दावेदारों को लेकर पार्टी के भीतर एक राय नहीं बन पाने की वजह से शर्मा को ही अवसर मिला है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष बनाए गए अशोक पटेल पार्टी की नई पीढ़ी के संघर्षशील कार्यकर्ताओं में रहे हैं। इसके साथ ही सामाजिक समीकरण भी बैठाने का प्रयास किया गया है। जिले में ओबीसी वर्ग की संख्या अधिक है लेकिन पार्टी के भीतर बहुत कम अवसरों में ही प्रतिनिधित्व मिलता रहा है। अब अशोक के सहारे कांग्रेस पार्टी इस वर्ग में अपनी पैठ मजबूत बनाने का प्रयास करेगी।

कांग्रेस पार्टी ने फिर से भरोसा जताया है, इसलिए उस भरोसे को कायम रखने के लिए नई ऊर्जा के साथ काम करूंगा। अब फिर से पार्टी को नई ऊर्जा के साथ मजबूत करने का प्रयास करेंगे। नई कार्यकारणी में युवाओं और अनुभवी सभी को महत्व देते ही जल्द ही घोषणा की जाएगी।
राजेन्द्र शर्मा, अध्यक्ष ग्रामीण कमेटी
——–

हमारे जैसे कार्यकर्ता पर पार्टी ने भरोसा जताकर बड़ी जिम्मेदारी दी है। बूथ स्तर पर नए सिरे से पार्टी को मजबूत करेंगे। वरिष्ठ नेताओं के सहयोग से नए लोगों को पार्टी से जोडऩे का काम करेंगे। आने वाले दिनों में रीवा में पार्टी मजबूत हो और सरकार बने इसके लिए काम करेंगे।
अशोक पटेल, शहर अध्यक्ष कांगे्रेस

——————–

कांग्रेस का मऊगंज में आदिवासी चेहरे पर दांव
रीवा। मऊगंज में कांग्रेस पार्टी ने आदिवासी चेहरे पर दांव खेला है। पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष हरीलाल कोल को जिला कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यहां अब तक पद्मेश गौतम अध्यक्ष रहे हैं। वह विधानसभा चुनाव भी लड़े थे और आगे भी उनकी दावेदारी होगी, इसलिए संगठन ने नए चेहरे को आगे बढ़ाया है। हरीलाल कोल को पूर्व विधायक सुखेन्द्र सिंह बन्ना का करीबी माना जाता रहा है। नए जिले में उन्हें अब पार्टी को नए सिरे से मजबूती देनी होगी, क्योंकि दोनों सीटें भाजपा के पास हैं।
================

Share.
Leave A Reply