Tuesday, December 23

रीवा. जिले के जवां तहसील अंतर्गत मोहनियां गांव के पास देररात नहर के फूटने से आधा दर्जन से अधिक गांवों में पानी भर गया। रात में अचानक बाढ़ देखकर लोग दहशत में आ गए और भगदड़ मच गई। नहर फूटने की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। साथ ही मुख्य नहर को बंद कराया गया, जिससे सुबह होते ही पानी उतर गया और लोगों ने राहत की सांस ली। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और प्रभावितों को मदद का भरोसा दिया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को रात 11.30 बजे ग्राम पंचायत रमगढ़वा अतंर्गत मोहनिया पुल के पास मिनी वाणसागर परियोजना की नहर पानी का दबाव बढऩे से फूट गई थी। जिससे भारी पैमाने पर नहर का पानी आसापास के कई गांवों में भर गया। रात में अचानक पानी भरने से गांव लोग दहशत में आ गए और किसी तरह जान बचाकर बाहर भागे। घरों में पानी भरने से दर्जनों लोगों के कच्चे मकान गिर गए और गृहस्थी की सामग्री नष्ट हो गई है। गांव के पप्पू बसोर ने बताया कि रात 12 बजे लोगों को नहर फूटने की जानकारी मिली, जिससे भगदड़ मच गई। कई लोगों का भारी नुकसान हुुआ है। कुछ मवेशी भी बहे हंै। बताया कि गांव के सरपंच की सक्रियता से रात में ही मुख्य कैनाल को बंद करा दिया गया था। जिससे सुबह 5 बजे तक पानी उतर गया अन्यथा बड़ी तबाही हो जाती।
मुख्य नहर का पानी रात में ही बंद कर दिया गया था, जिससे सुबह गांवों से पानी नालेे के रस्ते से नदी में चला गया था। पानी भरने के बाद गांवों में मलवा जमा था, जिसे जेसीबी बुलाकर हटवाया गया। जेसीबी लोगों के घरों के सामने भरा मलवा हटाती रही।


तत्काल पहुंची एसडीआरएफ की टीम

नहर फूटने की जानकारी मिलते ही आपदा प्रबंधन की टीम पटेहरा से रात में 12 बजे ही पहुंच गई थी। एसडीआरएफ की टीम एवं पुलिस ने गांव के लोगों को बाहर निकालने में मदद की। जिससे किसी प्रकार की जनहानी नहीं हुई और लोग घरों से सुरक्षित बाहर निकल आए। सुबह तक पुलिस टीम ग्रामीणों के सहयोग और बचाव कार्य में डटी रही।

पानी भरने से दर्जनभर गिरे मकान
अचानक नहर फूटने से रमगढ़वा, मोहनिया, भिटौहा, गगनहवा, तोमरनपुर्वा, लबरपुर्वा, बरहुला, ब्रम्हना आदि गांवों में पानी भर गया था। जिसमें रमगढ़वा मोहनिया गांव के दर्जनभर लोगों के कच्चे मकान धराशाई हो गए हैं। साथ ही उनके गृहस्थी का सामान भी नष्ट हुआ है। प्रभावित लोगों ने प्रशासन की मदद की गुहार लागाई।


अधिकारियों ने दिलाया मदद का भरोसा

नहर फूटने से गांवों में पानी भरने की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी सहित पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह, एडि. एसपी विवेकलाल, संयुक्त संचालक पशु विभाग डॉ. राजेश मिश्रा, एसडीएम पियूष भट्ट आदि अधिकारी मौके पर पहुंचे और नुकसानी का जायजा लिया। इस दौरान प्रभावितों को तत्काल मदद का भरोसा दिया है।


नहर फूटने से कई गांवों में पानी भर गया था। किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है, स्थिति नियंत्रण में रही। कुछ लोगों के मकान गिरे हैं, जिनका निरीक्षण किया गया है। प्रभावितों को तत्काल सहायता दी जाएगी।

सपना त्रिपाठी, अपर कलेक्टर रीवा


 

Share.
Leave A Reply