रीवा। मऊगंज के भाजपा विधायक अक्सर अपने कामों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं लेकिन इनदिनों बिना कुछ किए चर्चा में हैं। बीते कई दिनों से क्षेत्र के लोगों से दूरी बनाए विधायक प्रदीप पटेल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। जिसमें वह अपने परिवार के सदस्यों से मोबाइल पर बात करते हुए खौफ में दिखाए दे रहे हैं। परिवार के सदस्यों से वह कह रहे हैं कि घर पर ही रहना, बाहर बिल्कुल नहीं निकलना है।
कोई अचानक से आए और घंटी बजाए तो सीधे दरवाजा नहीं खोलना है। घर में यदि किसी चीज की जरूरत पड़े तो आनलाइन मंगवा लेना लेकिन बाहर अकेले नहीं निकलना है। इसके साथ ही यह भी कह रहे हैं कि अपने सेवा कार्य पहले की तरह जारी रहेंगे, लोगों की समस्याओं को अधिकारियों तक पहुंचाते रहना। कार्यकर्ताओं से भी कहना कि कोई आक्रोश में नहीं आएं, किसी तरह का विवाद नहीं करना है। परिवार के सदस्य ने फोन पर यह भी कहा कि लोग पूछ रहे हैं कि विधायक जी कहां हैं, जब वह सुरक्षित नहीं हैं तो जनता का क्या होगा। इस पर विधायक पटेल कहते हैं कि मेरे पास भी लोगों के फोन आ रहे हैं लेकिन सबको नहीं बता सकता। अधिकारी बुलाएं तो बैठक में चले जाना।
परिवार के किसी अर्जुन नाम के सदस्य से बात करते हुए विधायक प्रदीप पटेल यह भी कहते हैं कि क्षेत्र में अब मेरा जाना न के बराबर होगा। तीन साल तक ऐसे ही बिताना है, उसके बाद क्या करना है सोचा जाएगा। विधायक का यह वीडियो वायरल होने के बाद कार्यकर्ता भी असमंजस में पड़े हुए हैं।
मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल बीते पांच जनवरी के बाद से क्षेत्र में नहीं दिखे हैं। तीन जनवरी की रात मऊगंज में भूमि विवाद के एक मामले में मौके पर पहुंचे थे, जहां कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि एक पक्ष का कब्जा करवाने के लिए विधायक पहुंचे हैं। इस दौरान नारेबाजी और विधायक को घेरा गया था, जहां से किसी तरह बचकर निकले। इसके बाद विधायक ने यह आरोप लगाया कि मऊगंज में मूसा गैंग सक्रिय है, उससे जान को खतरा है। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से भी वह कर चुके हैं लेकिन मुख्यमंत्री की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलने के चलते मोबाइल नंबर बंद कर विधायक किसी अज्ञात स्थान पर चले गए हैं। इस बीच एक वीडियो उनका वायरल हुआ है, जिसमें परिवार के सदस्यों के साथ बात करते हुए खौफ में नजर आ रहे हैं।





