रीवा। रीजनल टूरिज्म कांक्लेव के दूसरे दिन अलग-अलग सत्रों में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें विशेष तौर पर बुलाए गए अतिथियों ने अपने अनुभवों के साथ ही विंध्य क्षेत्र में किस तरह की संभावनाएं इस पर विचार व्यक्त किए। समापन सत्र में बालीवुड कलाकार मुकेश तिवारी ने कहा कि हम मध्यप्रदेश के लोग हैं, पर्यटकों का रेड कार्पेट बिछाकर नहीं बल्कि दिल बिछाकर स्वागत करते हैं।

उन्होंने कहा कि आज के दौर में हर कोई रील्स में जी रहा है, रियल में जीने के लिए उसे मन को शांति चाहिए। ऐसा तभी होगा जब आप कहीं दूर ऐसे स्थान पर जाएं, जहां प्रकृति का अनुभव हो। मुकेश तिवारी ने कहा कि पर्यटन ही हमें जीवन की वास्तविकता का बोध कराता है। विंध्य सहित पूरे मध्यप्रदेश की सात्विक परंपरा रही है, यहां के लोग आंखों से ही सबकुछ कह देते हैं। ऐसा क्षेत्र जहां बाहर के लोगों को अपनापन भी मिलेगा। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में पर्यटन को बढ़ाने के लिए जितना हो सकेगा उतना अधिक प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम का समापन करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला ने कहा कि दो दिवसीय कांक्लेव का फोकस वाइल्डलाइफ और हेरिटेज ट्रेल पर रहा है। यह आयोजन प्रदेश में टूरिज्म की ब्रांडिंग करने में नई दिशा देने वाला साबित हुआ है। आने वाले समय में विंध्य के पर्यटन स्थलों की ब्रांडिंग के लिए कार्यक्रम होते रहेंगे।
——-
संसाधन होंगे तो पर्यटकों का आकर्षण बढ़ेगा : उप मुख्यमंत्री
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए पर्यटन अधोसंरचना को मजबूत किया जाना आवश्यक है। रीवा सहित पूरे विंध्य में हर तरह की सुविधाएं हैं। रीवा-सतना में एयरपोर्ट हैं, रेल और नेशनल हाइवे की कनेक्टिविटी हर क्षेत्र तक है। अब बड़े होटल्स भी बन रहे हैं। इसके अलावा पर्यटन के आकर्षण में टाइगर रिजर्व, ह्वाइट टाइगर सफारी, नदियां, पहाड़, जंगल, धार्मिक स्थल, ऐतिहासिक किले आदि सबकुछ मौजूद हैं।
—-
पर्यटन को हम गांव तक ले जाएंगे : लोधी
पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन को बढ़ाने के विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। हेलीसर्विस भी इस दिशा में एक कदम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश उत्तरदायी व सुरक्षित पर्यटन में प्रथम स्थान पर है। होम स्टे की संख्या बढ़ाकर गांवों की संस्कृति और वहां का जीवन देखने के लिए आने वाले पर्यटकों का आकर्षण बढ़ाएंगे। इससे गांवों की उन्नति होगी।

पर्यटन की संभावनाओं पर विशेषज्ञों ने रखी बात
तीन सत्रों में आयोजित संवाद कार्यक्रम में कई विशेषज्ञों एवं डेलीगेट्स ने अपनी बातें रखी। पहले सत्र में पर्यटन में वन्य एवं हेरिटेज, दूसरे में समग्र पर्यटन अनुभव, पर्यटन, फिल्म और आतिथ्य क्षेत्र में निवेश के अवसर आदि पर चर्चा हुई। इन सत्रों में उप मुख्यमंत्री, मंत्री, बालीवुड एक्टर मुकेश तिवारी, पूर्व मंत्री पुष्पराज सिंह, पर्यटन बोर्ड के एमडी इलैयाराजा टी, राकेश माथुर, गजेन्द्र सिंह, ऋषि सूर्या पुरी, अतुल पांडेय, अनुपन सहाय, समीर बजाज, रोहित चोपड़ा, अनिल अग्रवाल, सिद्धर्थ जोशी, गजेन्द्र सिंह, अमित दिग्विजय सिंह, महेन्द्र प्रताप सिंह, विदिशा मुकर्जी आदि ने संबोधित किया।
—————

Share.
Leave A Reply