जबलपुर . नेशनल हाईवे पर बरेला स्थित सिग्मा कान्हा सिटी के सामने एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर काम कर रहे 14 मजदूरों को टक्कर मार दी। हादसे में दो महिला मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना उस समय हुई, जब श्रमिक नेशनल हाईवे की ग्रिल की सफाई के दौरान सड़क किनारे बैठकर खाना खा रहे थे।
बरेला थाना पुलिस के अनुसार मंडला जिले के बीजादांडी निवासी चैतवती ठाकुर (35) और लच्छो बाई ठाकुर (38) की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में गोमती बाई (40), राजकुमारी (37), वर्षा बाई (39), कृष्णा बाई (41), अकलवती (36), प्रभावती (40), मीरा बाई (38), जमना बाई (35), ज्ञानवती (41), भगवती (37), लक्ष्मी बाई (39) और छोटी बाई (36) शामिल हैं। सभी मजदूर नेशनल हाईवे पर ग्रिल की सफाई का कार्य कर रहे थे।
दोपहर सभी श्रमिक एक साथ बैठकर भोजन कर रहे थे। इसी दौरान बरेला से बरगी की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चैतवती और लच्छो दूर जा गिरीं, जबकि अन्य मजदूर भी कार की चपेट में आ गए। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद सड़क खून से सन गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों ओर जाम की स्थिति बन गई। सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल जबलपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चैतवती और लच्छो को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार सभी मजदूर करीब एक माह पहले मजदूरी के लिए जबलपुर आए थे। उन्हें एनएचएआई के तहत सड़क के डिवाइडर और ग्रिल की सफाई का काम मिला था। बीजादांडी पास होने के कारण वे सप्ताहांत में गांव चले जाते थे और सोमवार को वापस काम पर लौटते थे।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में घायलों के पहुंचते ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गंभीर चोटों के बावजूद मजदूर एक-दूसरे की खैरियत पूछते नजर आए। पुलिस ने दोनों मृत महिलाओं के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। परिजन शवों को लेकर गांव रवाना हो गए, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।
बरेला में हाईवे पर हादसा: तेज रफ्तार कार ने 14 मजदूरों को कुचला, दो की मौत
सड़क किनारे खाना खा रहे श्रमिकों पर चढ़ी कार, 12 गंभीर घायल





