रीवा। स्कूल परिसर में घुसकर छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। विद्यालय स्टाफ ने आरोपी को वाहन सहित पकड़ लिया। पुलिस उसे पूछताछ के लिए थाने ले गई। घटना पीके स्कूल की है। विद्यालय में पढऩे वाली छात्रा का आरोपी संजय पाण्डेय पिछले कई महीनों से पीछा कर रहा था। कोचिंग जाते अक्सर उसको तंग करता था लेकिन छात्रा ने परिजनों को जानकारी नहीं दी। शुक्रवार को छात्रा विद्यालय आई थी तो आरोपी उसका पीछा करते हुए स्कूल पहुंच गया।
दोपहर लंच टाइम में छात्रा परिसर में ही थी तभी आरोपी चुपके से स्कूल कैंपस के अंदर घुस गया और छात्रा को परेशान करने लगा। इस दौरान पीडि़ता ने शोर मचाया जिसे सुनकर विद्यालय के शिक्षक वहां आ गए। आरोपी अपनी बाइक छोडक़र फरार हो गया। घटना से विद्यालय परिसर में हडक़ंप मच गया। शिक्षकों ने उसकी बाइक को परिसर के अंदर खड़ा करवा दी। कुछ देर बाद आरोपी बाइक लेने आया तो उन्होंने पकड़ लिया।
आरोपी की पहचान संजय पाण्डेय निवासी अमवां थाना चोरहटा के रूप में हुई है। शिक्षकों की सूचना पर छात्रा के परिजन भी विद्यालय पहुंच गए। पीडि़ता के मुताबिक वह लगातार कई महीनों से उसको परेशान कर रहा था। आज वह विद्यालय परिसर के अंदर घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई जो आरोपी को थाने ले आई। अमहिया थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल ने कहा कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जो तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
——————————
पूर्व में भी सामने आ चुके हैं मामले
शहर के कन्या विद्यालय में छेडख़ानी का यह कोई पहला मामला नहीं है बल्कि इससे पूर्व भी घटना हो चुकी है। विद्यालय के अतिथि विद्वान पर छात्रा से छेडख़ानी के आरोप लगे थे जिसको लेकर काफी हंगामा हुआ था। इसके बाद एक बार फिर छात्रा से परिसर के अंदर छेडख़ानी हुई है जिसने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है। अभिभावकों ने कहा कि स्कूल के समय भी पुलिस आसपास नहीं रहती जिससे ऐसी घटनाएं हो रही हैं।
——————-
लंच का समय था और तभी छात्रा के साथ एक व्यक्ति ने छेडख़ानी की थी। छात्रा द्वारा बताने पर शिक्षक पहुंच गए। वह बाइक छोडक़र भाग गया था जिसे हम लोग कैम्पस में ले आये थे और घर वालों को सूचना दिये जिस पर परिजन भी विद्यालय आ गए थे।
एसएस पटेल, प्रधानाचार्य





