रीवा। जंगली हाथियों का समूह सीधी जिले के रास्ते से अब मऊगंज जिले की सीमा तक पहुंच गया है। हनुमना क्षेत्र के बलभद्रगढ़ के पास दो हाथियों को देखा गया, इसकी सूचना पर रीवा डीएफओ सहित वन विभाग के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। साथ ही मऊगंज और सीधी जिले के प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे और हाथियों को किसी तरह का नुकसान पहुंचाए बिना निगरानी करने की व्यवस्था बनाई गई।

सुबह से लेकर देर शाम तक उकसा गांव में हाथियों का मूवमेंट देखा गया। छत्तीसगढ़ से हाथियों का झुंड सीधी जिले के कुछ हिस्सों तक आता रहा है, इस बार मऊगंज तक इनकी आमद हो गई है। सामान्य तौर पर सीधी जिले में संजय नेशनल पार्क के आसपास के गांवों में ही हाथियों का मूवमेंट रहता है। इन हाथियों द्वारा उस क्षेत्र में फसलों के साथ ही लोगों को भी नुकसान पहुंचाने की घटनाएं होती रही हैं।

कुछ दिन पहले ही सीधी जिले के भोलगढ़, भितरी, कुआं, बडख़रा क्षेत्र में हाथी देखे गए थे। इनकी ट्रैकिंग भी लगातार हो रही है। बांधवगढ़ से मझौली, चुरहट, मलकनपुर आदि क्षेत्रों की ओर से उकसा तक पहुंचने की जानकारी मिली है। उकसा गांव में हाथी के मूवमेंट पर डीएफओ लोकेश निरापुरे, वन विकास निगम के डीएम राकेश कोडापे, एसडीओ एचएल सिंह, रेंजर नयन तिवारी, वर्षा विसेन सहित अन्य शामिल रहे। अधिकारियों ने कहा है कि निगरानी आगे भी रहेगी। बताया गया है कि हनुमना क्षेत्र के बाद जंगल के रास्ते ये हाथी रीवा जिले की ओर बढ़ रहे हैं। इसके लिए रीवा के वन अमले को भी अलर्ट किया गया है। वन विभाग का प्रयास है कि इन्हें सीधी की ओर वापस लौटाया जाए।

क्षेत्र में लोगों को किया गया अलर्ट
हाथियों के मूवमेंट के चलते वन विभाग के कर्मचारियों ने क्षेत्र के गांवों में एनाउंस और लोगों से संपर्क कर अलर्ट किया है। साथ ही कहा है कि वह हाथियों को किसी तरह से नुकसान नहीं पहुंचाएं। हाथियों के नजदीक भी जाने से रोका गया है। लंबे समय के बाद हनुमना क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
—-
फसलों को पहुंचाया नुकसान
जंगली हाथियों ने फसलों को नुकसान पहुंचाया है। जिस क्षेत्र में उनका मूवमेंट है, वहां पर गेहूं, सरसो, अरहर, चना, मसूर आदि की फसलें हैं। इन्हें हाथियों ने कुछ जगहों पर नुकसान भी पहुंचाया है। किसान भी अपनी फसल बचाने के लिए खेतों के आसपास पहुंच रहे हैं, ऐसे में हाथियों के उग्र होने की आशंका भी है। वन विभाग का अमला नजदीक जाने से रोक रहा है।

नुकसानी का सर्वे करेगी राजस्व की टीम
प्रशासनिक अधिकारियों ने हाथियों के मूवमेंट के बाद कहा है कि जिस क्षेत्र में फसलों एवं अन्य नुकसान की सूचनाएं आई हैं, वहां पर राजस्व विभाग की टीमें सर्वे करेंगी। शासन के नियमों के अनुसार संबंधित किसानों को इसका मुआवजा भी वितरित कराया जाएगा।
—-
क्षेत्र की बिजली सप्लाई रोकी गई
हाथियों के मूवमेंट की वजह से बिजली तारों से करंट फैलने का डर होता है। क्योंकि ग्रामीण क्षेत्र में कई जगह बिजली तार की ऊंचाई कम हो गई है और वह चलते समय हाथियों को छू सकते हैं और करंट की वजह से हादसा हो सकता है। इस आशंका को देखते हुए जिस क्षेत्र में हाथियों के पहुंचने की संभावना है, वहां की बिजली सप्लाई रोकी गई है। इस संबंध में शासन की ओर से पहले भी निर्देश जारी किया जा चुका है।
—-

हनुमना क्षेत्र में हाथियों का मूवमेंट है, उनकी निगरानी की जा रही है। इन्हें हम किसी तरह से डिस्टर्व नहीं करना चाहते। कुछ जगहों पर फसलों को नुकसान हुआ है, उसका राजस्व विभाग सर्वे करेगा और नियमानुसार मुआवजा दिलवाने का प्रयास होगा। क्षेत्र में हमारी टीम तैनात है।
लोकेश निरापुरे, डीएफओ रीवा

Share.
Leave A Reply