Sunday, July 20

रीवा। देश में आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मीसाबंदी सुभाष श्रीवास्तव के 69वें जन्मदिवस पर इस वर्ष विंध्य क्षेत्र के 69 मीसाबंदियों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन 29 जुलाई को दोपहर 2 बजे से कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम में संपन्न होगा। कार्यक्रम का आयोजन शहर के सर्व सामाजिक संगठनों द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।

इस संबंध में रविवार को ऑडिटोरियम परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में आयोजन की विस्तृत जानकारी दी गई। शहीद भगत सिंह सेवा समिति के अध्यक्ष सुजीत द्विवेदी, समाजसेवी अविराज, रीजनल एनवायरमेंट एंड ह्यूमेनिटी ऑर्गनाइजेशन की अध्यक्ष ममता मिश्रा, युवा एकता कल्याण संघ के अध्यक्ष राजराखन पटेल, साईंशा सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष साकेत श्रीवास्तव, प्रयास रक्तदान सेवा संगठन के अध्यक्ष अवनीश तिवारी, अभिशौर ग्रुप के प्रमुख अभिषेक सिंह, समाजसेवी शुभम सिंह एवं सिद्धार्थ श्रीवास्तव आदि ने पत्रकारों को संबोधित किया।

वक्ताओं ने बताया कि इस आयोजन में रीवा, सीधी, सतना और शहडोल जिलों के मीसाबंदियों को आमंत्रित किया गया है। जीवित मीसाबंदियों के साथ ही जो अब इस दुनिया में नहीं हैं, उन्हें मरणोपरांत सम्मान प्रदान किया जाएगा, जिसे उनके परिजन ग्रहण करेंगे। बताया गया है कि इस तरह का कार्यक्रम बीते कई वर्षों से आयोजित किया जा रहा है। जिसमें किसी एक क्षेत्र विशेष के लोगों को सम्मानित किया जाता है। इस बार मीसाबंदियों को सम्मानित करने की तैयारी है। इस कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री सहित अन्य से कार्यक्रम मांगा गया है।

Share.
Leave A Reply