Sunday, July 20

रीवा। अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय रीवा के 58वें स्थापना दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि शिक्षा केवल बौद्धिक विकास नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए एक दिशा तय करने का साधन है। विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक मिलकर जब शिक्षा को जीवन का अंग बनाएंगे, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा। उन्होंने कहा कि रीवा के विश्वविद्यालय का अपना अलग ही गौरव है, यहां के छात्र वर्तमान में देश-दुनिया के प्रतिष्ठित संस्थानों में उच्च पदों पर सेवाएं दे रहे हैं।

प्रभारी मंत्री ने नई शिक्षा नीति में भारतीय ज्ञान परंपरा के समावेश का उल्लेख करते हुए कहा अब दुनिया स्वीकार करने लगी है भारतीय ज्ञान परंपरा को। आने वाले दिनों में देश के विश्वविद्यालयों में दूसरे देशों के छात्र अधिक संख्या में आएंगे। इस दौरान प्रभारी मंत्री पटेल ने नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और जल संरक्षण व पौधरोपण को संस्कृति का हिस्सा मानते हुए इसे व्यवहार में लाने का आह्वान किया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेन्द्र कुमार कुड़रिया ने कहा कि मनुष्य का समग्र विकास पंचकोशों के संतुलन से होता है। इसमें शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक, सामाजिक और आध्यात्मिक शामिल हैं। विश्वविद्यालय कई नए पाठ्यक्रम शुरू कर रहा है, जो छात्रों को हर तरह से परिपक्व बनाएंगे। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में बीटेक, डाटा साइंस, माइनिंग इंजीनियरिंग, एआई जैसे नए कोर्स जल्द शुरू किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा मिलेगी।

भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्त ने विश्वविद्यालय की स्थापना और स्वतंत्रता सेनानी कप्तान अवधेश प्रताप सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि इस संस्थान ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। कई अन्य लोगों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. श्रीकांत मिश्र एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रो. सुनील तिवारी ने किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, कुलसचिव डॉ. सुरेन्द्र सिंह परिहार, डॉ. अतुल पांडेय, एसपी विवेक सिंह सहित कई पूर्व कुलपति, पूर्व एवं वर्तमान शिक्षकों के साथ ही शहर के अन्य गणमान्य लोगों के साथ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की शोध पत्रिका ‘विंध्य भारतीÓ का विमोचन भी किया गया।
—-
पौधरोपण भी किया गया
प्रभारी मंत्री, कुलपति सहित अन्य लोगों ने विश्वविद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि हराभरा और शांत परिसर शिक्षा के लिए विशेष माहौल तैयार करता है। उन्होंने अधिकारियों कहा कि परिसर में जहां भी स्थान खाली हैं, वहां पर पौधरोपण कर पूरे क्षेत्र को हराभरा बनाएं।

Share.
Leave A Reply