इंदौर। दूषित पानी सप्लाई की वजह से कई मौतों की वजह राष्ट्रीय स्तर की सुर्खियों में आए इंदौर के भागीरथपुरा से फिर एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भागीरथपुरा में एक समारोह में दाल बाटी और चूरमा खाने के बाद लगभग 25 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी, दस्त और चक्कर आने की शिकायत के बाद इनमें से छह लोग अस्पताल में भर्ती हुए हैं। इनमें दो लोग एमवायएच में और चार निजी अस्पतालों में उपचाररत हैं।
भोजन समारोह आकाश माली के घर बेटे के जन्मदिन के अवसर पर रखा गया था। इसमें रिश्तेदारों के साथ आसपास के निवासी भी शामिल थे। भोज में परोसी गई दाल बाटी और चूरमा खाने के कुछ समय बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। इलाज के बाद लगभग 10 लोग अपनी हालत में सुधार होने पर घर लौट गए।
स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। खाद्य विभाग ने भोज में परोसे गए दाल बाटी, चूरमा और अन्य सामग्री के सैंपल लिए हैं। संजीवनी क्लिनिक पर भी दो से तीन मरीज पहुंचे और उनका उपचार किया गया।
सीएमएचओ डॉ. माधव हासानी ने बताया कि फूड पाइजनिंग की संभावना है और मामले की जांच की जा रही है। अस्पताल में भर्ती लोगों का इलाज जारी है और खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह घटना स्थानीय निवासियों के लिए स्वास्थ्य चेतावनी का संदेश भी है, जिससे बड़े समारोहों में भोजन की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता सामने आती है।
इंदौर के भागीरथपुरा में फिर 25 लोग बीमार, अस्पताल में भर्ती
- फूड प्वाइजिनिंग की वजह से लोगों के बीमार होने की जानकारी





