Industrial Regional Conclave Rewa
 रीवा। आगामी 23 अक्टूबर को होने जा रहे रीजनल इंडस्ट्रियल कांक्लेव के लिए शहर के कृष्णा राजकपूर आडिटोरियम परिसर में लग्जरी सुविधाएं दिए जाने की तैयारी शुरू कर दी गई हैं। भोपाल से इसके लिए टीमें रीवा पहुंंच चुकी हैं, जहां पर हर तरह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। एमपी इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कार्पोरेशन और एमपी टूरिज्म के अधिकारियों के साथ ही साज-सज्जा करने वाली एजेंसियां भी अपना काम शुरू कर चुकी हैं। आडिटोरियम परिसर में अलग-अलग साइज के चार डोम लगाए जा रहे हैं। जहां पर उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों के बैठने के साथ ही विभागीय अधिकारियों के बैठने की अलग व्यवस्था है। कार्यक्रम के समापन के बाद होने वाले प्रेसकांफ्रेंस के लिए अलग व्यवस्था दी जा रही है।

168 वीवीआईपी के लिए विशेष इंतजाम
अब तक रीजनल इंडस्ट्रियल कांक्लेव में शामिल होने के लिए 168 वीवीआईपी के आने की पुष्टि हुई है। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू की गई हैं। शहर के प्रमुख सरकारी विश्राम गृहों के अलावा होटलों में रुकने की व्यवस्था की गई है। देश के कई बड़े उद्योग घरानों के प्रमुख लोग स्वयं इस आयोजन में शामिल होंगे। जिनसे मुख्यमंत्री अलग-अलग संवाद करेंगे। प्रदेश सरकार के कई मंत्री और विभिन्न विभागों के बड़े अधिकारी भी शामिल होंगे। कलेक्टर ने सभी विभागों के प्रमुखों को जिम्मेदारी दी है कि वह अपने विभागों से आने वाले अधिकारियों के लिए व्यवस्थाएं बनाएंगे।

Industrial Regional Conclave Rewa
Industrial Regional Conclave Rewa

छह घंटे से अधिक समय तक रुकेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री मोहन यादव 23 अक्टूबर को करीब छह घंटे से अधिक समय तक रीवा में रुकेंगे। जारी शेड्यूल के अनुसार सुबह साढ़े दस बजे मुख्यमंत्री रीवा पहुंचेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ करने के बाद ११ बजे से वीडियो प्रजेंटेशन होगा जिसमें मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश की संभावनाओं को बताया जाएगा। आईटी, माइनिंग, टूरिज्म, एमएसएमई, कुटीर उद्योग आदि के बारे में भी प्रजेंटेशन होगा। इसके बाद भूमिपूजन-लोकार्पण एवं कुछ अतिथियों के बाद मुख्यमंत्री का संबोधन होगा। लंच के बाद दोपहर दो बजे से नए सत्र की शुरुआत होगी, जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों के व्यवसाय से जुड़े प्रमोशन भी होंगे। इस बीच मुख्यमंत्री उद्योगों के प्रतिनिधियों के साथ वनटूवन चर्चा कर निवेश का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम के अंत में सायं पांच बजे दिनभर हुए कार्यक्रम की जानकारी प्रेस के साथ साझा की जाएगी।
——–
ई-रिक्शा से पहुंचेंगे मेहमान
रीजनल कांक्लेव में आने वाले अतिथियों के लिए वाहन पार्किंग की व्यवस्था टीआरएस कालेज ग्राउंड और एनसीसी मैदान में होगी। यहां से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए अतिथियों को ई-रिक्शा की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि १५ ई-रिक्शा की व्यवस्था की जा रही है।
——

आसपास के क्षेत्रों का रंगरोगन शुरू
आडिटोरियम परिसर के आसपास के सभी क्षेत्रों में रंगरोगन का कार्य कराया जा रहा है। सिरमौर चौराहे के फ्लाईओवर को भी चित्रकारी के जरिए सजाया जा रहा है। इसके अलावा सड़क किनारे भी आकर्षक व्यवस्थाएं करने को कहा गया है। हवाई अड्डा और रेलवे स्टेशन से लेकर सिरमौर चौराहे तक साज-सज्जा के इंतजाम होंगे। इसके अलावा प्रमुख होटल जहां पर अतिथियों को ठहराया जाएगा, वहां से कार्यक्रम स्थल तक के मार्ग को भी बेहतर करने का प्रयास किया जा रहा है।
————————

Share.
Leave A Reply